Friday, July 27, 2012

मै 'असम '......





मै 'असम '
भारतीय संस्क्रति का 
सिरमौर 'असम ' ..................

आज -
जलता , झुलसता 
असम  बन गया हूँ ...................
दर्द की कतरनों से 
कई सवाल जेहन में 
उभर रहे हैं ....
हिंसा के इस दौर को 
मै क्या  नाम दूँ ?
क्षेत्र विशेष समस्या 
या फिर 
साम्प्रदायिकता ......

अतीत के गोल - गोल 
छल्लों में जब 
अपना प्रतिबिम्ब देखता हूँ ,
तो आज की 
समस्या की जड़ 
मुंह बाये कुछ हद तक 
नजर आती है .....
राजनैतिक स्वार्थों की तुष्टि 
आज की समस्या को 
विकराल और साम्प्रदायिक 
बनाने में कसर  नहीं छोडती ..........

कभी मै अपने 
आदिम स्वरुप के साथ 
फलफूल रहा था .....
मेरी संतानें अपनी ही 
सांस्क्रतिक , सामाजिक और 
आर्थिक परिवेश में 
मगन थीं ....
जिन्दगी बढ़ रही थी ,
तभी -
नए पडोसी का अस्तित्व जन्मा ....
उसकी संतानें 
अपनी तकलीफों से भाग 
मुझमें समाने लगीं .....
मै भारत वर्ष का लाल 
कैसे न उनको 
शरण देता -
'अतिथि देवो भव '
अपनाते -अपनाते 
आज मेरी संतानों के लिए ही 
जगह कम पड़ गयी ..........

समस्याएं विकट हैं 
सामाजिक -आर्थिक ढांचे के 
इस घालमेल में 
संतुलन बैठाते बैठाते 
ज्वालामुखी फट गया है .........
मेरा अंतस -
करुण , विकल हो 
कराह रहा है .....
लाखों लोग अपने ही घर में 
बेघर हो शरणार्थी 
हो गए हैं .....

आह !
मेरी त्रासदी और विडंबना यही है -
की उनको मै  किस नाम से 
पुकारूँ ------
बोडो हिन्दू या फिर अल्पसंख्यक मुस्लिम 
इस समय -
दोनों का दर्द एक सा है 
एक सी ही तड़प है 
और रह रहें हैं वे 
एक ही साथ शरणार्थी शिविरों में ....

क्या हो अब -
मेरे अन्दर ,
सिर्फ यही सवाल 
अशेष है ......
सोचने समझने की शक्ति 
क्षीण हो चली है .....
बस कुछ -कुछ महसूस 
कर पा रहा हूँ ......

एक क्षेत्रीय समस्या 
जो समस्या न थी 
आज साम्प्रदायिक समस्या 
के रंग में रंग रही है ....
राष्ट्रीय हितों को रख ताक पर ,
कुछ स्वार्थी लोगों की 
संकीर्ण नीतियों से 
ये हालात हो गएँ हैं पैदा .....

अभी भी कुछ हो सकता है ------
एक और कश्मीर 
बनने से बचा जा सकता है .......
क्योकि -
समस्या का मूल 
जातीय आधार नहीं है 
वरन आर्थिक ज्यादा 
व् कुछ हद तक सामाजिक है ........

बढती आबादी के साथ 
क्षेत्र कमतर होते जा रहे हैं 
भूख , गरीबी , अशिक्षा ,
पिछड़ापन बढ़ता जा रहा है .......

हे ! नीति नियंताओं ....
तुमसे गुजारिश है ,
कुछ 'मूल' के तथ्यों को 
भी समझो 
इस ओर देखो 
और श्रम के अनुबंधों का 
निबाह करो ......

शायद कुछ 
सार्थक हल निकल आये ......
मै फिर पुराना 'असम '
बन जाऊ ....
सिरमौर , खुशहाल 
कामरूप 'असम ' ..................... !!!!!!!!!!!!



प्रियंका राठौर 

Wednesday, July 25, 2012

जिस्म बिकता है ....




जिस्म बिकता है 
बाजारों में भी .......
उसकी चुकानी 
पड़ती है कीमत .......
एक 'इमोशन लेस' 'यूज'
और फिर 'थ्रो'
उसमें वो 
बात कहाँ .......


बुझाने गए थे आग 
खुद झुलस कर  चले आये .....
अब क्या -
अन्दर की सुलगती 
आग को 
शांत कैसे किया जाये ?


नया दांव -
'इमोशनल' प्रपंच का ,


जिस्म तो जिस्म है ,
आंगन का हो तो 
सबसे बेहतर -
कमसिन कौमार्य 
समर्पित मन 
दों रातें बिस्तर पर 
'आत्मसंतुष्टि'
'इमोशन' के साथ 'यूज'
जैसे ईश्वर पा  लिया  .......


तन शांत 
मन शांत 
और 
जेब भी शांत .......
क्योकि -
कीमत कुछ भी नहीं ,
बस -
मीठे शब्दों का भंडार 
जो 'इक्वेलेंट' हैं 
'फ्री ऑफ़ कास्ट' के .....


इसलिए -
जिस्म बिकता है 
बाजारों में भी 
लेकिन -
आँगन के जिस्म की 
बात अलग है ......
'इमोशनल ट्रेपिंग' से 
'इजली ऐव्लेविल' जो है .......!!!!!!!!!






[ रचना में 'बोल्ड' और 'डायरेक्ट' लहजे का प्रयोग कथ्य के मर्म तक जाने का रास्ता भर है ....... आभार ]






प्रियंका राठौर 

Sunday, July 1, 2012

केंचुल ....





उस गहरी , काली ,
अभिसप्त सी ,
दिखने वाली ,
बाबी का .....
वह निश्तेज ,
मरणासन्न सा 
सांप -
अभी मरा नहीं है ......
बस  -
प्रतीक्षा में है 
मुक्ति की ....
पल पल मरती 
पुरानी  जिन्दगी से .....
केंचुल उतरने की ,
प्रक्रिया जारी  है ....


दर्द , तड़प और 
कराहों का चीत्कार 
उसको बेबस
 जरूर कर रहा है .....
लेकिन -
नष्ट नहीं कर 
पाया है ......
क्योकि -
कहीं सुसुप्त चेतना में 
नए जीवन की 
अपराजेय आस बाकी  है......


तुम्हारे पत्थर -
उसके दर्द को बढ़ा देंगे ,
हो सकता है -
पलट वार भी 
न कर सके वो 
लेकिन -
इसे अपनी 
जीत मत समझो ......


क्योकि -
जब वह अपनी 
पूरी प्रक्रिया से गुजर ,
तकलीफों को जीत ,
बापस नयी जिन्दगी 
में लौटेगा ......
पहले से भी 
कई गुना 
शक्तिशाली और दृढ हो जायेगा .....


और यह निश्चित है ,
क्योकि -
अभी नियति पर 
चोट देना बाकी  है...........!!!!!!!!!!






प्रियंका राठौर   

Friday, June 22, 2012

चाँद की तस्वीर .......



वक्त  के चेहरे पर 
फेकी हुयी रंगीन स्याही सी ,
7गुणा 7 नाप की 
चाँद की तस्वीर ,
तुम्हारे दिल के फ्रेम में 
ऐसी फिट है 
जिसमे कम या ज्यादा की 
कोई गुंजाईश नहीं .......
मगर अफ़सोस -
उन रंगों को 
देख पाना तुम्हारे लिए 
मुमकिन नहीं -
क्योकि -
तुम्हारी नजरें 
सिर्फ श्वेत श्याम ही ,
देख पाती  हैं...................... !!!!!!!





प्रियंका राठौर  

Thursday, April 26, 2012

अनिश्चितता .....



अनिश्चितता की भी 
सीमा होती है ....

अनुमानों का गुबार 
या फिर 
स्थायित्व  के खरे मापदंड 
दिशा सूचक रूप में 
अनिश्चितता को भी 
निश्चित स्थापित करते हैं ....

जुएँ के पत्ते 
तभी तक 
अनिश्चित होते हैं 
जब तक बिना बांटें 
गड्डी के रूप में 
नियति के हाथ होते हैं ...
खिलाड़ियों के बीच
बँट जाने पर 
अनिश्चितता पर विराम 
लग जाता है 
और -
निश्चित सत्य की ओर
बढ़ते हुए 
कदम दर कदम 
स्थायित्व के दिशा सूचक 
अन्तत :
किसी की विजय श्री  का 
उद्घोष करते हैं ....

शायद ..... इसलिए -
अनिश्चितता के घर भी 
उम्मीदों के दीये जलते हैं ....

क्योकि -
अनिश्चितता की भी 
सीमा होती है .....!!!!!!


प्रियंका राठौर 

Tuesday, April 24, 2012

पलों को थाम लिया है ...




तुम्हारा साथ देने को 
पलों को थाम लिया है ....
कुछ बची हुयी तुम्हारी 
अनकही बातें सुनने  को 
पलों को थाम लिया है ....


दिया है वक्त अब और तुम्हे 
तुम्हारे सपनों को पूरा 
करने की ख्वाहिश में 
पलों को थाम लिया है ....


फिर कभी मिलेंगे हम 
जीवन की सच्चाई को आत्मसात कर
इस अरमान को लिए दिल में 
पलों को थाम लिया है ....
हाँ -
तुम्हारा साथ देने को 
पलों को थाम लिया है ....!!!!!






प्रियंका राठौर 




Saturday, April 21, 2012

तुमसे बेहतर......




गयी थी लाने 
उपहार तुम्हारा ....
सामानों की भीड़ में 
ढूंढ सकी न कुछ ....

फिर सोचा -
क्यों ना तुमको चाँद ही दे दूँ ,
लेकिन एक चाँद को 
दूजे चाँद की जरूरत  क्या ....

फिर सोचा -
क्यों ना तुमको सूरज  दे दूँ ,
लेकिन तुम्हारे ओज के आगे 
उस सूरज की चमक ही क्या ....

फिर सोचा -
क्यों ना तुमको पूरा आसमां ही दे दूँ ,
लेकिन तुम्हारे विस्तार के आगे 
उस आसमां की मिसाल ही क्या ....

बहुत सोचा ,
बहुत परखा ,
हर कुछ तुमसे 
कमतर था ....

फिर सोचा -
क्यों ना तुमको मै 'तुमको' ही दे दूँ 
तुमसे बेहतर भी कुछ है क्या ....
हाँ -
तुमसे बेहतर भी कुछ है क्या ....!!!!



प्रियंका राठौर